नोएडा, 12 जून 2026 | रिपोर्ट: सिमरन सिंह
नोएडा में ई-बस सेवा का बेसब्री से इंतजार कर रहे लाखों लोगों के लिए यह एक सुखद समाचार है। आज से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा प्रारंभ हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस महत्वपूर्ण परियोजना का उद्घाटन किया। पहले चरण में 110 इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन किया जाएगा, जिनमें से 33 बसों को हरी झंडी दिखाकर भेजा गया।
नोएडा ई-बस से बदलेगी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था
इस परियोजना के साथ गौतमबुद्ध नगर देश का पहला ऐसा शहर बन गया है, जहां ई-सिटी बसों के लिए सबसे बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। सेक्टर-90 स्थित आधुनिक डिपो से भविष्य में 510 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। यह पहल प्रदूषण कम करने और यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
नोएडा ई-बस के लिए तैयार है बड़ा नेटवर्क
सेक्टर-90 डिपो में लगभग 150 चार्जिंग स्टेशनों की व्यवस्था हो रही है, जिनमें से कई पहले से तैयार हैं। अब तक 63 इलेक्ट्रिक बसें और 8 डबल डेकर बसें डिपो में आ चुकी हैं। आगे चलकर बसों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। ये बसें एक बार चार्ज होकर लगभग 300 किलोमीटर तक चल सकती हैं।
यात्रियों को मिलेगा सस्ता और सुविधाजनक सफर
नई सेवा के तहत यात्रियों को यात्रा दूरी के आधार पर 10, 20 और 30 रुपये का किराया चुकाना होगा, जबकि अधिकतम किराया 50 रुपये निर्धारित किया गया है। नोएडा ई-बस सेवा से लाखों दैनिक यात्री तेज, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन सुविधा प्राप्त करने की उम्मीद कर रहे हैं।
