नोएडा, 19 जून 2026 | रिपोर्ट: सिमरन सिंह
नोएडा एयरपोर्ट के लिए नई पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों को लेने और छोड़ने वाले वाहनों के लिए पार्किंग शुल्क निर्धारित कर दिया गया है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, वाहन चालक यात्री टर्मिनल के सामने 7 मिनट तक बिना शुल्क के रुक सकते हैं। इसके बाद उन्हें पार्किंग शुल्क का भुगतान करना होगा।
नोएडा एयरपोर्ट पार्किंग शुल्क कितना होगा?
नई दरों के अनुसार निजी वाहनों के लिए शुरुआती दो घंटे का शुल्क 150 रुपये तय किया गया है, जबकि कमर्शियल वाहनों को 200 रुपये चुकाने होंगे। दो घंटे से अधिक रुकने पर प्रति घंटे 100 रुपये अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था टर्मिनल क्षेत्र में ट्रैफिक को नियंत्रित रखने के लिए लागू की गई है।
नोएडा एयरपोर्ट पार्किंग में पूरे दिन का शुल्क
यदि किसी ड्राइवर अपने वाहन को पूरे दिन के लिए पार्किंग में खड़ा करता है, तो निजी वाहन के लिए 600 रुपये और व्यावसायिक वाहन के लिए 700 रुपये का शुल्क लागू किया गया है। एयरपोर्ट पर आने वाले कैब, टैक्सी और निजी वाहन चालकों को इन नियमों का पालन करना आवश्यक है।
यात्रियों की सुविधा और ट्रैफिक प्रबंधन पर जोर
एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि नई पार्किंग प्रणाली का उद्देश्य यात्रियों को अधिक बेहतर सेवाएँ प्रदान करना और टर्मिनल क्षेत्र में जरूरत से ज्यादा भीड़ को कम करना है। 7 मिनट की मुफ्त सेवा के बाद शुल्क शुरू होने से वाहनों की चाल में अधिक अनुशासन रहने की उम्मीद जताई जा रही है।
