नोएडा, 19 जून 2026 | रिपोर्ट: सिमरन सिंह
पीएम वीबीआरवाई योजना के तहत केंद्र सरकार युवा नौकरी और वित्तीय सहायता प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस योजना के तहत लगभग 2,400 करोड़ रुपये के प्रोत्साहन की घोषणा की है। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को औपचारिक रोजगार से जोडऩा और सामाजिक सुरक्षा के दायरे को बढ़ाना है।
पीएम वीबीआरवाई योजना में क्या मिलेगा?
योजना के अंतर्गत पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को 15,000 रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इसका मकसद नए कर्मचारियों को नौकरी की शुरुआत में आर्थिक मदद करना है। सरकार का कहना है कि इससे युवाओं को रोजगार के अवसर बेहतर मिलेंगे और नौकरी शुरू करते समय आने वाली शुरुआती समस्याओं को हल किया जा सकेगा।
पीएम वीबीआरवाई योजना से कंपनियों को भी फायदा
इस योजना का लाभ केवल कर्मचारियों को ही नहीं, बल्कि नियोक्ताओं को भी मिलेगा। जो कंपनियां नए कर्मचारियों की नियुक्ति करेंगी, उन्हें हर महीने हर अतिरिक्त कर्मचारी पर 3,000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जा सकती है। इससे निजी क्षेत्र में नई भर्तियों को प्रोत्साहन मिलने की आशा है।
रोजगार बढ़ाने पर सरकार का फोकस
सरकार ने बताया कि यह योजना अगस्त 2025 में लॉन्च की गई थी और इसके लिए 99 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बजट रखा गया है। सरकार का उद्देश्य भविष्य में करोड़ों नए रोजगार के अवसर उत्पन्न करना और युवाओं को कार्य से जोड़ना है।
