नोएडा, 27 जून 2026 | रिपोर्ट: मुस्कान शाह
महाराष्ट्र TET परीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। महाराष्ट्र सरकार ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 को परीक्षा से एक दिन पहले स्थगित कर दिया है। यह निर्णय प्रश्नपत्र लीक होने की आशंका के चलते किया गया। पहले परीक्षा 28 जून को राज्यभर के 1,028 परीक्षा केंद्रों में आयोजित होने वाली थी, लेकिन अब नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी।
महाराष्ट्र TET परीक्षा: भिवंडी में मिली गोपनीय सूचना
महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के निदेशक नंदकुमार बेडसे ने बताया कि 27 जून सुबह पुलिस को जानकारी मिली कि भिवंडी में कुछ व्यक्तियों के पास टीईटी परीक्षा का प्रश्नपत्र है। सूचना मिलने पर भिवंडी पुलिस ने छापे मारे और परीक्षा परिषद के अधिकारियों को दस्तावेजों की जांच के लिए आमंत्रित किया। जांच में पाए गए दस्तावेजों के कुछ प्रश्न असली प्रश्नपत्र से मेल खाते थे।
महाराष्ट्र TET परीक्षा: जांच के बाद लिया गया फैसला
इस खुलासे के पश्चात पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी। परीक्षा परिषद ने कहा कि NEET 2026 में आई अनियमितताओं को देखते हुए इस बार सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए थे। फिर भी पेपर लीक की आशंका के चलते परीक्षा को स्थगित करना आवश्यक समझा गया, ताकि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।
महाराष्ट्र TET परीक्षा: नई तारीख जल्द होगी घोषित
परिषद ने अपने बयान में कहा है कि मामले की पूरी जांच के बाद ही परीक्षा का आयोजन होगा। महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने बताया है कि TET 2026 की नई परीक्षा तिथि जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी।
