नोएडा, 2 जुलाई 2026 | रिपोर्ट: मुस्कान शाह
बेंगलुरु में क्रेच हिंसा का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। शहर के ब्रुकफील्ड स्थित आईटी कंपनी के परिसर में चलने वाले डेकेयर सेंटर में छोटे बच्चों के साथ कथित तौर पर शारीरिक और मानसिक अत्याचार करने का आरोप है। जिला बाल संरक्षण इकाई की शिकायत पर पुलिस ने पांच महिला देखभाल करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बेंगलुरु क्रेच हिंसा में वायरल वीडियो से खुलासा
शिकायत में कहा गया है कि डेकेयर में बच्चों को डराने के लिए कथित तौर पर वॉशिंग मशीन के अंदर बंद किया गया, तंग पाइपों में रखा गया और बाथरूम की संकरी जगहों में बंद किया गया। आरोप है कि बच्चों पर टॉयलेट जेट स्प्रे का उपयोग किया गया और यदि वे रोते रहे तो उनके मुंह में भी पानी डाला गया। इन घटनाओं का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला अधिकारियों के पास पहुंचा।
पुलिस जांच शुरू, डेकेयर सेंटर अस्थायी रूप से बंद
पुलिस के मुताबिक, यह डेकेयर सेंटर उन कर्मचारियों के बच्चों के लिए स्थापित किया गया था जो कंपनी परिसर में कार्यरत हैं। बेंगलुर क्रेच हिंसा मामले में पांच महिला कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है और उन्हें पूछताछ के लिए नोटिस भेजे जाने की योजना है। यह मामला उजागर होने के बाद, कंपनी ने एहतियात के तौर पर अपने ऑन-कैंपस डेकेयर सेंटर को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है। कंपनी का कहना है कि वह जांच एजेंसियों के साथ पूर्ण सहयोग कर रही है और बच्चों की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है।
