नोएडा, 22 जुलाई 2026 | रिपोर्ट: सिमरन सिंह
नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों निवासियों के लिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो परियोजना से संबंधित एक महत्वपूर्ण सकारात्मक समाचार आया है। नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-4 (किसान चौक) तक प्रस्तावित मेट्रो विस्तार परियोजना का प्रस्तुतीकरण पब्लिक इनवेस्टमेंट बोर्ड (PIB) में किया जा रहा है। इस परियोजना के संचालन से लगभग 5 लाख व्यक्तियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सेवाएँ मिलने की आशा है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो से मिलेगा ट्रैफिक जाम से राहत
यह मेट्रो कॉरिडोर लगभग 7.5 किलोमीटर लंबा होगा, जिसमें सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-122, सेक्टर-123 और ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-4 (किसान चौक) के आसपास कुल पांच स्टेशन प्रस्तावित किए जाएंगे। इस एक्सटेंशन लाइन से नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो से एयरपोर्ट कनेक्टिविटी भी होगी मजबूत
परियोजना की अनुमानित लागत 1500 करोड़ रुपये से अधिक है। इसका खर्च केंद्र सरकार, राज्य सरकार, नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण मिलकर उठाएंगे। यह मेट्रो लाइन भविष्य के प्रस्तावित आरआरटीएस नेटवर्क से भी जुड़ेगी, जिससे नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक यात्रा सहज होगी। एनएमआरसी के मुताबिक, सभी आवश्यक अनुमतियां मिलने के बाद निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा और इसे पूरा होने में लगभग दो वर्ष का समय लग सकता है।
