एसएससी नकल गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

नोएडा एसटीएफ ने एक बड़े नकल गिरोह का खुलासा करते हुए उसके कथित मास्टरमाइंड लोकेश को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की सीएपीएफ, एसएसएफ कॉन्स्टेबल और असम राइफल्स राइफलमैन भर्ती परीक्षा-2026 में हाईटेक तकनीकी तरीकों से नकल कराने वाले गिरोह का अहम सदस्य था। उसके पास से 92 संशोधित टीएफटी स्क्रीन और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए हैं।

एसएससी नकल गिरोह कैसे करता था काम?

एसटीएफ के अनुसार, यह गिरोह परीक्षा केंद्रों में प्रॉक्सी सर्वर और विशेष तकनीकी का उपयोग करके परीक्षा प्रणाली में छेड़छाड़ करता था। जांच अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में 22 अप्रैल 2026 को नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित बालाजी डिजिटल जोन से सेंटर संचालक प्रदीप चौहान, हैकर अमित राणा सहित सात व्यक्तियों को 50 लाख रुपये नकद और प्रॉक्सी सर्वर के साथ गिरफ्तार किया गया था। बाद में गिरोह के एक अन्य सदस्य इंद्रजीत उर्फ योगी को भी पकड़ा गया, जबकि लोकेश अभी भी फरार था।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बड़ी बरामदगी

जांच के दौरान पता चला कि लोकेश अलवर में ‘मानसी इन्फोटैक’ नाम से दुकान चला रहा था और वहीं से संशोधित टीएफटी स्क्रीन तैयार कर विभिन्न राज्यों में भेजता था। एसटीएफ ने उसके ठिकाने से 92 टीएफटी स्क्रीन, 45 वीजीए कार्ड, 14 रास्पबेरी पाई, वाई-फाई डोंगल, लैपटॉप, केबल और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार इन स्क्रीन की मदद से प्रश्नपत्र बाहर उपस्थित साल्वर तक पहुंचाया जाता था और उत्तर वापस भेजे जाते थे। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।