नोएडा, 19 सितम्बर 2026 | रिपोर्ट: अपेक्षा चौधरी
ग्रेटर नोएडा में टेंट, बैंक्वेट हॉल, फार्म हाउस, कैटरिंग और वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े कारोबारियों का महाधिवेशन 19 और 20 सितंबर को गोल्डन ड्रीम विस्टा में आयोजित होगा। इससे पहले नोएडा मीडिया क्लब में प्रेसवार्ता कर कारोबारियों ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के सामने 11 प्रमुख मांगें रखीं। कारोबारियों ने वेडिंग एवं टेंट इंडस्ट्री को उद्योग का दर्जा देने की मांग की। उनका कहना है कि यह क्षेत्र बड़ी संख्या में लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार देता है।
ग्रेटर नोएडा टेंट कारोबारियों ने GST में राहत मांगी
प्रेसवार्ता में GST से जुड़े कई सुझाव रखे गए। कारोबारियों ने सेवा प्रदाताओं के लिए पंजीकरण सीमा बढ़ाने की मांग की है। सामान्य राज्यों में सीमा 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख और विशेष राज्यों में 10 लाख से 25 लाख रुपये करने का सुझाव दिया गया। कंपोजिशन स्कीम की सीमा 2 करोड़ रुपये करने और कर दर घटाने की मांग भी रखी गई। वेडिंग सेवाओं पर 18 प्रतिशत GST में राहत देने का सुझाव भी सामने आया।
ग्रेटर नोएडा टेंट कारोबारियों ने प्लॉट की मांग उठाई
कारोबारियों ने नए विकसित क्षेत्रों में रियायती दरों पर भूखंड उपलब्ध कराने और ‘टेंट नगर’ विकसित करने का सुझाव दिया। बैंक्वेट हॉल व फार्म हाउस को सराय एक्ट के दायरे से बाहर रखने की मांग भी की गई। इसके साथ यूपीएसआईडीसी के प्लॉटों को फ्रीहोल्ड करने और सरकारी विभागों से भुगतान मिलने के बाद GST जमा करने की व्यवस्था का मुद्दा उठाया गया।
ग्रेटर नोएडा टेंट कारोबारियों ने ई-वे बिल पर जताई परेशानी
कारोबारियों ने टेंट का सामान कार्यक्रमों के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान ले जाने में ई-वे बिल व्यवस्था से होने वाली व्यावहारिक दिक्कतों का उल्लेख किया। दूसरे राज्यों में काम करने वालों की ITC समस्याओं के समाधान की भी मांग की गई। कारोबारियों के मुताबिक टेंट और वेडिंग सेक्टर परिवहन, सजावट, कैटरिंग, लाइटिंग, फूल और फर्नीचर जैसे कई व्यवसायों से जुड़ा है। महाधिवेशन में इन मुद्दों पर आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।
