नोएडा, 22 सितम्बर 2026 | रिपोर्ट: अपेक्षा चौधरी
नोएडा सेक्टर 105 में अवैध अतिक्रमण, सुरक्षा और जनसमस्याओं को लेकर RWA ने शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। RWA अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय के अनुसार, मुख्य प्रवेश द्वारों के बाहर ठेले, रेहड़ी-पटरी और दुकानें लगने से सुबह से देर रात तक वाहनों और ई-रिक्शों की भीड़ रहती है। इससे निवासियों को आवागमन में परेशानी के साथ सुरक्षा संबंधी चिंता भी बनी रहती है। सेक्टर 108 में भी इसी तरह की समस्याएं सामने आने की बात कही गई है।
नोएडा सेक्टर 105 में निर्माण सामग्री से परेशानी
RWA के मुताबिक निर्माणाधीन भवनों के आसपास सड़कों और नालियों पर रोड़ी, बजरी, सीमेंट और सरिया रखे जाने से रास्ते प्रभावित हो रहे हैं। कई जगह नालियां अवरुद्ध होने के कारण पानी भरने की समस्या बताई गई है। निर्माण स्थलों के पास झुग्गियां बनने और सड़कें बाधित होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। RWA ने निर्माण सामग्री हटाने और रास्तों को व्यवस्थित कराने की मांग की है।
नोएडा सेक्टर 105 की दुकानों पर उठे सवाल
सेक्टर 105 की नोएडा प्राधिकरण द्वारा बनाई गई कमर्शियल मार्केट की गैर-आवंटित दुकानों को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। RWA का कहना है कि कई दुकानों के शटर खुले रहते हैं और वहां आने-जाने वाले लोगों का कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। सुरक्षा के मद्देनजर अनआवंटित दुकानों को बंद या सील कराने की मांग की गई है। साथ ही किरायेदारों और बाहरी श्रमिकों के पुलिस सत्यापन की मांग भी रखी गई।
नोएडा सेक्टर 105 में पुलिस गश्त की मांग
RWA ने दोनों सेक्टरों में रहने वाले बाहरी श्रमिकों और संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन के साथ नियमित पुलिस गश्त की मांग की है। मुख्य सर्विस रोडों की सफाई व्यवस्था सुधारने की अपील भी की गई। अध्यक्ष ने बताया कि पुलिस अधिकारियों के साथ नियमित संपर्क के निर्देश दिए गए थे, लेकिन सेक्टर 105 के निवासियों के साथ अभी बैठक नहीं हुई है। RWA ने डीसीपी और एसीपी स्तर से महीने में कम से कम एक बार पैदल गश्त की मांग की है।
