नोएडा, 22 सितम्बर 2026 | रिपोर्ट: अपेक्षा चौधरी
उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार देर रात यूपी IAS तबादले के तहत 34 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया। इनमें 14 जिलों के जिलाधिकारी भी शामिल हैं। मुरादाबाद, हरदोई, एटा, कुशीनगर, कानपुर नगर, संतकबीरनगर, पीलीभीत, बलिया, अमेठी, बागपत, महोबा, बिजनौर, हाथरस और हमीरपुर में नए DM तैनात किए गए हैं।
यूपी IAS तबादले में YEIDA-UPEIDA बदले
फेरबदल में ग्रेटर नोएडा और जेवर क्षेत्र से जुड़े YEIDA में भी बदलाव हुआ है। YEIDA के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया को UPEIDA का ACEO बनाया गया है। वहीं रामपुर के अपर जिलाधिकारी नितिन मदान को YEIDA का नया ACEO नियुक्त किया गया है। Invest UP और अन्य औद्योगिक विकास संस्थानों में भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
यूपी IAS तबादले में जिलों को मिले नए अधिकारी
तबादला सूची के अनुसार अनुनय झा को मुरादाबाद, राहुल पाण्डेय को हरदोई और एम. अरुन्मोली को एटा का जिलाधिकारी बनाया गया है। संजय चौहान को कुशीनगर तथा महेंद्र सिंह तंवर को कानपुर नगर की जिम्मेदारी मिली है। संतकबीरनगर, पीलीभीत, बलिया और अमेठी समेत अन्य जिलों में भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई है।
यूपी IAS तबादले में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
फेरबदल के तहत कुछ मौजूदा DM को शासन और अन्य विभागों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। कानपुर नगर के DM जितेंद्र प्रताप सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद का निदेशक बनाया गया है। वहीं अन्य अधिकारियों को राजस्व, खाद्य एवं रसद, नियुक्ति एवं कार्मिक और सहकारिता से जुड़े पद सौंपे गए हैं। कुल 34 IAS अधिकारियों की नई तैनाती से प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में व्यापक बदलाव हुआ है।
