नोएडा, 25 सितम्बर 2026 | रिपोर्ट: अपेक्षा चौधरी
ग्रेटर नोएडा जाम के चलते गुरुवार को नोएडा और दिल्ली जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अमिटी यूनिवर्सिटी से DND तक करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम रहा और बड़ी संख्या में वाहन इसमें फंसे रहे। दलित प्रेरणा स्थल और महामाया फ्लाईओवर के आसपास वाहनों की रफ्तार काफी धीमी रही। ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कराने में जुटे रहे। पुलिस के अनुसार, जाम की स्थिति के पीछे VVIP मूवमेंट भी एक कारण रहा।
ग्रेटर नोएडा जाम के बीच ट्रेड शो का असर
ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर 2026 तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो आयोजित किया जा रहा है। बड़ी संख्या में कारोबारियों, खरीदारों और विशिष्ट अतिथियों के पहुंचने को देखते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने 24 से 29 सितंबर तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। इस दौरान एक्सप्रेसवे और एक्सपो मार्ट के आसपास सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। जरूरी वस्तुओं और चिकित्सा सेवाओं वाले वाहनों को छूट दी गई है।
ग्रेटर नोएडा जाम से बचने के लिए वैकल्पिक रास्ते
एक्सपो मार्ट की ओर जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन हरनंदी कट से सर्विस रोड के रास्ते निर्धारित पार्किंग तक जा सकते हैं। सूरजपुर और परीचौक की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए एलजी गोलचक्कर और नॉलेज पार्क-2 की ओर से मार्ग तय किया गया है। इससे मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने की कोशिश की जा रही है।
ग्रेटर नोएडा जाम को लेकर दिल्ली जाने वालों के लिए सलाह
ट्रेड शो के दौरान कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वाहनों की निकासी के लिए भी अलग व्यवस्था रखी गई है। दिल्ली और गाजियाबाद की ओर जाने वाले यातायात को निर्धारित गोलचक्करों से डायवर्ट कर NH-24/09 की ओर भेजने की योजना है। ऐसे में ग्रेटर नोएडा से नोएडा और दिल्ली जाने वाले लोगों को निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति जांचने और संभावित भीड़ वाले रास्तों से बचने की सलाह दी जा रही है।
