नोएडा, 07 मई 2026 | रिपोर्ट: सिमरन सिंह
नोएडा में तेल तस्करी से संबंधित एक बड़ा मामला उजागर हुआ है। सेक्टर-142 क्षेत्र के शहदरा गांव में बिहारी मार्केट में पूर्ति विभाग ने तीन दुकानों पर छापा मारा, जो अवैध रूप से डीजल और पेट्रोल बेच रही थीं। इस कार्रवाई में लगभग 450 लीटर डीजल और पेट्रोल जब्त किया गया। विभाग की टीम ने चार लोगों को मौके से गिरफ्तार किया, जिनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है।
नोएडा तेल तस्करी में ऐसे चलता था खेल
जानकारी के अनुसार आरोपी कैब और ट्रक ड्राइवरों से सस्ती कीमत पर डीजल-पेट्रोल खरीदते थे। इसके बाद उसी ईंधन को ऊंचे दामों में दोपहिया और अन्य वाहन चालकों को बेचा जाता था। पूर्ति विभाग की जांच में सचिन शर्मा की दुकान से सबसे ज्यादा 380 लीटर डीजल और 20 लीटर पेट्रोल प्राप्त हुआ। वहीं, अन्य दुकानों से भी तेल जब्त किया गया।
खुले में तेल बिक्री से हादसे का खतरा
जांच टीम के अनुसार यह अवैध गतिविधि सार्वजनिक रूप से संचालित हो रही थी, जिससे क्षेत्र में बड़े हादसे की संभावना बनी हुई थी। खुले में ड्रम और बोतलों में डीजल-पेट्रोल रखने से आग लगने की घटनाएं होने का जोखिम हमेशा रहता है। पूर्ति निरीक्षक रजनी चौधरी की शिकायत पर पुलिस ने सचिन, ब्रहमपाल, राहुल और रिंकू के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच प्रारंभ कर दी है।
नोएडा तेल तस्करी पर प्रशासन सख्त
प्रशासन का कहना है कि जिले में गैरकानूनी ईंधन बिक्री के खिलाफ मुहिम लगातार चलती रहेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि लोगों की सुरक्षा के साथ खेलने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
