नोएडा, 6 अक्टूबर2026 | रिपोर्ट: विधि राघव
मंगलवार शाम नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-148 के पास चलती डबल डेकर बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस में सवार सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
नोएडा बस आग में मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस नोएडा से ग्रेटर नोएडा की ओर जा रही थी। सेक्टर-148 के पास बस से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं। चालक ने बस को सड़क किनारे रोककर यात्रियों को नीचे उतारना शुरू कर दिया। इसके बाद आग तेजी से फैल गई।
नोएडा बस आग में तेज धमाका
यात्रियों के बाहर निकलने के बाद बस में तेज धमाका हुआ। सामने आए वीडियो में डबल डेकर बस आग की लपटों और धुएं से घिरी दिखाई दे रही है। धमाके की आवाज सुनकर एक्सप्रेसवे से गुजर रहे वाहन सवार भी सहम गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
नोएडा बस आग से यातायात प्रभावित
सूचना मिलने के बाद नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की कई गाड़ियों ने आग पर काबू पाने का काम शुरू किया। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की कतार लग गई। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
