नोएडा, 10 सितम्बर 2026 | रिपोर्ट: अपेक्षा चौधरी
नोएडा प्रदूषण को लेकर सेक्टर-132 के ग्राम रोहिल्लापुर निवासी पांच वर्षीय रूद्र प्रताप सिंह तोमर ने नोएडा प्राधिकरण के CEO कृष्णा करुणेश और विधायक पंकज सिंह के नाम पत्र लिखा है। रूद्र ने खिलौने या किसी सुविधा की मांग के बजाय साफ हवा और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की है। उसने सर्दी आने से पहले ही प्रदूषण के खिलाफ प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
नोएडा प्रदूषण पर रूद्र ने रखीं कई मांगें
रूद्र ने सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलिथीन पर सख्ती, प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों की नियमित जांच और कानूनों के प्रभावी पालन की मांग की है। इसके अलावा अधिक धुआं छोड़ने वाले वाहनों की जांच, पुराने प्रदूषणकारी वाहनों पर कार्रवाई और बड़े स्तर पर वृक्षारोपण की जरूरत बताई गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा हटाने और खुले में कूड़ा जलाने पर रोक की मांग भी पत्र में शामिल है।
नोएडा प्रदूषण पर विधायक ने दिया आश्वासन
रूद्र के पिता डॉ. रंजन तोमर ने विधायक पंकज सिंह से मुलाकात कर बच्चे का पत्र सौंपा और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी। विधायक ने पांच वर्षीय बच्चे की चिंता को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने नोएडा प्राधिकरण के CEO से बात कर रूद्र द्वारा उठाए गए मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित करने की बात कही।
नोएडा प्रदूषण पर उठ रहा भविष्य का सवाल
रूद्र के पिता का कहना है कि यह केवल उनके बच्चे का नहीं, बल्कि नोएडा में रहने वाले हजारों बच्चों के भविष्य का सवाल है। बच्चे की अपील में साफ हवा, स्वच्छ पानी और हरियाली वाले वातावरण की जरूरत पर जोर दिया गया है। “जब मैं बड़ा होऊंगा, क्या मुझे साफ हवा मिलेगी?” रूद्र का यह सवाल अब प्रशासन के सामने है, जिसका जवाब ठोस कार्रवाई के जरिए देने की उम्मीद की जा रही है।
