नोएडा, 23 मई 2026 | रिपोर्ट: सिमरन सिंह
नोएडा के व्यस्ततम क्षेत्रों में से एक सेक्टर-62 गोलचक्कर पर प्रस्तावित नोएडा स्काईवॉक परियोजना फिलहाल ठप है। अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर चल रहे रिवर्स मेट्रो के निर्माण कार्य के कारण स्काईवॉक का कार्य आरंभ नहीं हो पाएगा। अब लोगों को इस परियोजना के लिए लगभग 4 से 6 महीने और प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है।
नोएडा स्काईवॉक पर मेट्रो निर्माण का असर
सूचना दी गई कि सेक्टर-62 गोलचक्कर पर पहले से मेट्रो का बड़ा निर्माण कार्य जारी है। यदि स्काईवॉक और मेट्रो के प्रोजेक्ट साथ-साथ शुरू किए जाते, तो पूरे क्षेत्र में गंभीर ट्रैफिक जाम हो सकता था। यही वजह है कि प्राधिकरण ने अभी के लिए स्काईवॉक के निर्माण को स्थगित करने का निर्णय लिया है।
नोएडा स्काईवॉक के लिए तैयार था पूरा प्लान
जानकारी के अनुसार लगभग 26 करोड़ रुपये की इस परियोजना का टेंडर जारी किया गया था और निर्माण कंपनी को वर्क ऑर्डर भी मिल चुका था। ट्रैफिक डायवर्जन प्लान भी तैयार हो चुका था। हालांकि, मेट्रो निर्माण के कारण अब इस योजना को कुछ समय के लिए स्थागित कर दिया गया है।
पैदल यात्रियों को मिलेगा फायदा
अधिकारियों का मानना है कि नोएडा स्काईवॉक के निर्माण के बाद सेक्टर-62 गोलचक्कर पर पैदल चलने वालों को अच्छी सुविधा मिलेगी। इससे सड़क पार करना सरल हो जाएगा और ट्रैफिक का दबाव भी कम हो सकता है। इस सुविधा के लिए लोगों को अभी कुछ और महीनों का इंतजार करना पड़ेगा।
