नोएडा, 25 जून 2026 | रिपोर्ट: मुस्कान शाह
ग्रेटर नोएडा के जिम्स में आउटसोर्स कर्मचारियों की हड़ताल के 11वें दिन पुलिस और कर्मचारियों के बीच तनाव बरकरार रहा। कर्मचारियों ने पुलिस कार्यवाही और महिला कर्मचारी के नाले में गिरने का आरोप लगाया। हड़ताल के दौरान जिम्स में तनाव बढ़ गया।
ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (GIMS) में चल रही हड़ताल के 11वें दिन पुलिस ने परिसर में इकट्ठा हो रहे कर्मचारियों को खदेड़ दिया। कर्मचारियों का कहना है कि इस दौरान एक महिला कर्मचारी नाले में गिर गई, जिसे बाद में उसके सहकर्मियों ने बाहर निकाला। आउटसोर्स कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 10 दिनों से संस्थान के परिसर में धरने पर बैठे थे।
जिम्स हड़ताल में पुलिस कार्रवाई के आरोप
कर्मचारियों के मुताबिक, जिला प्रशासन, पुलिस और जिम्स प्रशासन के बीच लगभग 28 घंटे की बातचीत के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ। इसके बाद कर्मचारी फिर से धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों ने कहा कि वार्ता के दौरान उनकी मांगें नहीं मानने पर पुलिस ने रात में बल का प्रयोग किया। साथ ही हड़ताल स्थल की रोशनी और कैमरे बंद कर दिए गए और मुख्य तथा इमरजेंसी गेट को भी बंद कर दिया गया|
जिम्स हड़ताल में महिला कर्मचारी के नाले में गिरने का दावा
कर्मचारियों का कहना है कि पुलिस के दौड़ाने के चक्कर में एक महिला कर्मचारी नाले में गिर गई। उनका आरोप है कि पुलिसकर्मी उसे बाहर निकालने के बजाए वहां से चले गए, जबकि अन्य कर्मचारियों ने उसे बाहर निकाला। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा भी किया जा रहा है। कर्मचारियों ने यह भी कहा कि वीडियो बनाने वालों के मोबाइल छीनने की कोशिश हुई और कुछ लोगों को जानबूझकर मारा गया।
जिम्स हड़ताल को लेकर कर्मचारियों का विरोध जारी
आउटसोर्स कर्मचारी नियमित या संविदा पर नियुक्ति और हाल ही में किए गए भर्ती रद्द करने की मांग कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि रात में कुछ व्यक्तियों को बसों में बिठाकर पुलिस लाइन भेजा गया। वहीं, कुछ का यह भी आरोप है कि हॉस्टल में रह रहे कर्मचारियों को भी पुलिस खोजकर ले जा रही है। अभी कर्मचारियों का विरोध जारी है और वे अपनी मांगों पर दृढ़ हैं।
