नोएडा, 27 जून 2026| रिपोर्ट: मुस्कान शाह
लखनऊ एनकाउंटर में राजधानी के इंदिरा कैनाल रोड पर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश संजय उर्फ संजीव मारा गया। वह चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का प्रमुख शूटर था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अंबेडकरनगर का निवासी था और लंबे समय से फरार था। हालाँकि, इस हत्याकांड में शामिल दूसरा शूटर अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
लखनऊ एनकाउंटर: कई संगीन मामलों में था आरोपी
एसटीएफ के अनुसार, संजय उर्फ संजीव अंबेडकरनगर के अहिरौली थाना क्षेत्र के चक कोदार गांव का निवासी था। उसके खिलाफ हत्या सहित कई गंभीर अपराधों के मामले दर्ज थे। जांच में पता चला कि वह अंबेडकरनगर, बस्ती और अयोध्या में कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहा है। पुलिस का कहना है कि उसके संबंध कुख्यात दिलीप वर्मा और खान मुबारक गिरोह से भी थे।
संदीप सिंह हत्याकांड का था मुख्य शूटर
पुलिस के अनुसार, जौनपुर के सिकरारा थाना क्षेत्र के टिकारी गांव के निवासी प्रॉपर्टी व्यवसायी संदीप सिंह की 27 मई को रायबरेली रोड पर स्थित कल्ली पश्चिम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जानकारी के अनुसार, संदीप सिंह अपनी कार से कार्यालय पहुंचे थे और अंदर जाने वाले थे, तभी अपाचे बाइक पर आए हमलावरों ने उन पर लगातार फायरिंग कर दी। महज सात सेकेंड में पूरी घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए थे। गंभीर रूप से घायल संदीप सिंह की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
लखनऊ एनकाउंटर: दूसरे शूटर की तलाश जारी
इस मामले में हत्या की योजना बनाने के आरोप में सरगना समेत कई आरोपियों को पुलिस पहले ही पकड़कर जेल भेज चुकी है। अब एसटीएफ और पुलिस दूसरे शूटर की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
