नोएडा, 27 जून 2026| रिपोर्ट: मुस्कान शाह
नोएडा में एक बड़ा साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने नौकरी दिलाने और ट्रेडिंग व निवेश में बेहतर मुनाफा दिलाने का लालच देकर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र के दो व्यक्तियों से 51 लाख रुपये हड़प लिए। ठगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से दोनों पीड़ितों से संपर्क कर उन्हें व्हाट्सऐप ग्रुप में शामिल किया और निवेश की सलाह दी। ठगी का एहसास होते ही दोनों ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
नोएडा साइबर ठगी: सेक्टर-62 निवासी से 26 लाख की ठगी
सेक्टर-62 के हारमोनी अपार्टमेंट में रहने वाले 70 वर्षीय नारायण माथुर ने पुलिस को सूचित किया कि दिसंबर 2025 में एक महिला ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनसे संपर्क किया। महिला ने उन्हें निवेश पर दोगुना लाभ कमाने का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्हें एक व्हाट्सऐप ग्रुप में शामिल करके लगातार निवेश करने के लिए कहा गया। भरोसा हो जाने पर उन्होंने विभिन्न चरणों में 26 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। शिकायत दर्ज होने के बाद साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के बैंक खातों में 11 लाख रुपये फ्रीज कर दिए।
नोएडा साइबर ठगी: नौकरी का झांसा देकर 25 लाख रुपये ऐंठे
दूसरे मामले में ग्रेटर नोएडा वेस्ट के महागुन मायवुड, गौर सिटी-2 की निवासी प्रतीक्षा को घर पर रहकर नौकरी करके कमाई करने का प्रस्ताव मिला। सहमति मिलने के बाद उनसे कई ऑनलाइन फॉर्म भरवाए गए। तीन दिन बाद ट्रेडिंग और निवेश के जरिए तेजी से अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। पीड़िता का कहना है कि इस दौरान उनसे 25 लाख रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कराए गए। जब उन्होंने अपनी राशि और मुनाफा वापस मांगा तो आरोपियों ने संपर्क तोड़ लिया। इसके बाद उन्होंने 30 जुलाई को एनसीआरपी पोर्टल पर तीन शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन काफी समय तक एफआईआर नहीं हुई।
नोएडा साइबर ठगी: पुलिस ने जांच तेज की
दोनों मामलों में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अपनी जांच को और तेज कर दिया है। पुलिस उन बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, यूपीआई आईडी और डिजिटल लेनदेन सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों की छानबीन कर रही है, जो आरोपियों ने इस्तेमाल किए थे। डीसीपी साइबर ने बताया कि जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
