नोएडा, 7 जुलाई 2026 | रिपोर्ट: सिमरन सिंह
सेक्टर-53 की आरडब्ल्यूए ने नोएडा प्राधिकरण से खाली भूखंडों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था और सड़कों की मरम्मत के लिए निवेदन किया है।
नोएडा सफाई: सेक्टर-53 की समस्याएं बढ़ीं
नोएडा में सफाई को लेकर सेक्टर-53 के निवासी लगातार चिंतित हैं। आरडब्ल्यूए के महासचिव द्वारा नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक (सिविल/स्वास्थ्य) को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि क्षेत्र के कई खाली प्लॉटों में लंबे समय से सफाई नहीं होने की वजह से कूड़ा, झाड़ियाँ और गंदगी जमा हो गई है। इससे सांप, चूहे और कीटों की समस्या बढ़ने का आरोप लगाया गया है।
नोएडा सफाई के साथ जल निकासी की भी मांग
पत्र के अनुसार ब्लॉक A, B और C के नालों की सही सफाई और निकासी न होने के कारण बरसात में कई जगह दो फुट से अधिक जलभराव हो जाता है। बी-36 से कंचनजंगा अपार्टमेंट और मार्केट तक मुख्य नाले के निर्माण, मरम्मत और सफाई की भी मांग की गई है। आरडब्ल्यूए का कहना है कि पहले जेसीबी से कुछ प्लॉटों की सफाई की गई थी, लेकिन कई स्थान अभी भी नजरअंदाज हैं।
सड़कों की मरम्मत की भी उठी मांग
आरडब्ल्यूए ने अपने पत्र में प्लॉट नंबर C-16 के साथ-साथ C-28/29, C-36, C-39 और C-42 जैसे अन्य खाली प्लॉटों की तत्काल सफाई करवाने की मांग की है। इसके अलावा, यह भी बताया गया कि समाधान दिवस और स्वच्छता दिवस की बैठक में इन समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष पेश किया जा चुका है। निवासियों ने सेक्टर की मुख्य और आंतरिक सड़कों की खस्ता हालत पर भी शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।
