नोएडा, 8 अगस्त 2026 | रिपोर्ट: मुस्कान शाह
नोएडा प्रॉपर्टी बाजार ने पिछले सात वर्षों में देश के मुख्य आवासीय बाजारों को पीछे छोड़ दिया है। Anarock Research की रिपोर्ट के अनुसार, 2019 से Q2 2026 के बीच नोएडा में घरों की औसत कीमत 125% बढ़कर ₹4,795 प्रति वर्ग फुट से ₹10,780 प्रति वर्ग फुट हो गई। इस दौरान गुरुग्राम में भी 117% की वृद्धि देखी गई।
इस तेजी के पीछे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, बड़े आधारभूत संरचना प्रोजेक्ट, बेहतर कनेक्टिविटी और Global Capability Centres (GCCs) से उत्पन्न हो रही रोजगार की मांग को मुख्य कारण माना गया है। प्रीमियम और लग्जरी आवासों की बढ़ती मांग ने भी बाज़ार को मजबूती प्रदान की है।
नोएडा प्रॉपर्टी ने बेंगलुरु को पछाड़ा
रिपोर्ट के अनुसार, गुरुग्राम की औसत कीमत ₹6,150 से बढ़कर ₹13,350 प्रति वर्ग फुट हो गई, जबकि बेंगलुरु में लगभग 90% की वृद्धि के बाद कीमत ₹9,450 प्रति वर्ग फुट तक पहुंच गई। हालांकि, किराया आय के मामले में बेंगलुरु अभी भी आगे है। वहां रेंटल यील्ड 4.6% रही, जबकि हैदराबाद में यह 3.6% देखी गई।
मुंबई ने कीमतों और किराये के बीच में उत्कृष्ट संतुलन प्रदर्शित किया। यहां औसत कीमत लगभग 64% बढ़कर ₹29,270 प्रति वर्ग फुट हो गई और रेंटल यील्ड 4.3% तक पहुंच गई। दिल्ली में कीमतों में 47% की बढ़ोतरी हुई और रेंटल यील्ड 2.2% से बढ़कर 3.2% पर पहुंच गई।
नोएडा प्रॉपर्टी के साथ बढ़ी रेंटल यील्ड
नोएडा की रेंटल यील्ड 3.2% से बढ़कर 3.9% पहुंच गई, वहीं गुरुग्राम में यह 3.5% से 4.3% पर आ गई। रिपोर्ट के अनुसार, बेंगलुरु में मजबूत IT और GCC मांग के चलते शहर के बाहरी क्षेत्रों में नए आवासीय प्रोजेक्टों की वृद्धि से मूल्य वृद्धि अपेक्षाकृत धीमी रही। ट्रैफिक की समस्या, भूमि की सीमित उपलब्धता और शहर के लगातार विस्तार को भी इसके कारणों में शामिल किया गया है। हैदराबाद में IT-GCC विकास, प्रवासन और सीमित प्रीमियम भूमि ने कीमतों को समर्थन प्रदान किया।
