नोएडा, 26 सितम्बर 2026 | रिपोर्ट: अपेक्षा चौधरी
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के स्टॉल का शुक्रवार को UPITS 2026 में उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने अवलोकन किया। इंडिया एक्सपो मार्ट के हॉल नंबर-7 में लगाए गए स्टॉल पर उन्हें शहर की मौजूदा और प्रस्तावित विकास परियोजनाओं की जानकारी दी गई। स्टॉल में इंफ्रास्ट्रक्चर, औद्योगिक विकास और भविष्य की योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। अधिकारियों ने मंत्री को विभिन्न परियोजनाओं से जुड़े मॉडल और जानकारियां दिखाईं।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने दिखाईं प्रमुख परियोजनाएं
स्टॉल पर शहर की कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स क्षमता बढ़ाने से जुड़ी योजनाओं को प्रमुखता दी गई है। इनमें मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब और मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब प्रमुख परियोजनाएं हैं। इन योजनाओं के जरिए परिवहन और माल ढुलाई से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों को प्रदर्शित किया गया। मंत्री ने इन परियोजनाओं की प्रगति और प्रस्तावित स्वरूप के बारे में जानकारी ली।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने दी जानकारी
मंत्री नंदी के दौरे के दौरान प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव, एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस और एसीईओ प्रेरणा सिंह समेत अधिकारियों ने स्टॉल पर प्रदर्शित परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी। एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव के अनुसार, स्टॉल का उद्देश्य शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर, औद्योगिक विकास और आगामी परियोजनाओं को व्यापक मंच पर प्रस्तुत करना है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का स्टॉल बना आकर्षण
UPITS 2026 में देश-विदेश से निवेशक, उद्यमी, खरीदार और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि पहुंच रहे हैं। ऐसे में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का स्टॉल शहर के विकास मॉडल और भविष्य की परियोजनाओं को समझने का माध्यम बना हुआ है। यहां मौजूदा सुविधाओं के साथ प्रस्तावित विकास योजनाओं को मॉडल और अन्य माध्यमों से प्रदर्शित किया गया है। UPITS 2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में हो रहा है।
