दिल्ली AQI में सुधार के बाद साफ आसमान और स्वच्छ हवा का दृश्य

दिल्ली में लगातार दो दिनों की बारिश और तेज हवाओं के बाद AQI में काफी सुधार हुआ है। राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 48 पहुंच गया, जिसे पिछले तीन सालों में सबसे अच्छा स्तर माना जा रहा है।

दिल्ली AQI: तीन साल में सबसे स्वच्छ हवा

दिल्ली के AQI में सुधार हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, लगातार बारिश और तेज हवाओं के चलते राजधानी का ओवरऑल AQI 48 पर पहुंच गया। यह स्तर ‘अच्छा’ माना जाता है और इसे पिछले तीन सालों की सबसे स्वच्छ हवा के रूप में देखा जा रहा है। इसके अलावा, दिल्ली दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची से भी बाहर निकल गई है।

दिल्ली AQI: कई शहरों से बेहतर रही हवा

आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली की हवा देश के अन्य कई बड़े शहरों से साफ रही। मुंबई का AQI 73, चेन्नई का 76, कोलकाता का 63 और बेंगलुरु का 59 रहा। वहीं नोएडा का AQI 45, ग्रेटर नोएडा का 30, गाजियाबाद का 50, गुरुग्राम का 110 और फरीदाबाद का 108 दर्ज किया गया। दिल्ली का AQI इन प्रमुख शहरों की तुलना में ज्यादा अच्छा रहा।

दिल्ली AQI: कई इलाकों में बेहतरीन गुणवत्ता

राजधानी के अलीपुर, आया नगर, जेएनयू, मैदानगढ़ी, ओखला फेज-2 और डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज जैसे स्थलों पर AQI 24 से 29 के बीच है, जो बेहद सफाई का संकेत देता है। IQAir की सूची के अनुसार, दिल्ली शाम तक सबसे प्रदूषित शहरों में 53वें स्थान पर रही। विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश और अनुकूल मौसम ने प्रदूषण के स्तर को घटाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।


simran-singh-jan-naad-reporter

By Simran Singh

सिमरन सिंह जन नाद की सक्रिय संवाददाता हैं। ये नोएडा और आसपास के क्षेत्रों की महत्वपूर्ण सामाजिक और स्थानीय खबरों को कवर करती हैं। रिपोर्टिंग के अलावा इन्हें बैडमिंटन खेलना और कुकिंग में विशेष रुचि है।