नोएडा, 01 सितम्बर 2026 | रिपोर्ट: अपेक्षा चौधरी
जयपुर नीट PG परीक्षा के दौरान सीतापुरा स्थित ION डिजिटल जोन सेंटर पर परीक्षार्थियों ने जमकर हंगामा किया। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा के दौरान कंप्यूटर बार-बार बंद होते रहे, जिससे उनका पेपर प्रभावित हुआ। परीक्षार्थियों के मुताबिक, करीब दो घंटे में 10 बार तक परीक्षा बाधित हुई। परीक्षा खत्म होने के बाद बड़ी संख्या में छात्रों ने सेंटर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
जयपुर नीट PG में देरी का आरोप
छात्रों के अनुसार परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होनी थी, लेकिन करीब 10 बजे शुरू हुई। कंप्यूटर दोबारा चालू होने के बाद कुछ सिस्टम पर केवल 3 से 4 सवाल दिखाई दिए, जबकि कुछ छात्रों के सिस्टम में 5 से 6 सवाल आने के बाद फिर से स्क्रीन बंद हो गई। छात्रों का कहना है कि सेंटर स्टाफ की ओर से तकनीकी समस्या की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
जयपुर नीट PG पर पेपर लीक की आशंका
लगातार सिस्टम बंद होने और अलग-अलग कंप्यूटरों पर अलग संख्या में सवाल दिखाई देने के बाद कुछ परीक्षार्थियों ने पेपर की गोपनीयता पर भी सवाल उठाए। छात्रों ने पेपर लीक की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि, पेपर लीक होने की पुष्टि सामने नहीं आई है और यह फिलहाल छात्रों की आशंका एवं आरोप हैं।
जयपुर नीट PG परीक्षा फिर होगी
हंगामा बढ़ने के बाद इस सेंटर की परीक्षा रद्द कर दी गई है। जानकारी के अनुसार सीतापुरा सेंटर पर अब 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने पुलिस पर कार्रवाई की चेतावनी देने का भी आरोप लगाया है। छात्रों का कहना है कि तकनीकी गड़बड़ी से प्रभावित सभी परीक्षार्थियों के साथ निष्पक्षता होनी चाहिए।
