नोएडा, 12 सितम्बर 2026 | रिपोर्ट: अपेक्षा चौधरी
नोएडा अवैध निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण ने शुक्रवार को सेक्टर-104 के हाजीपुर में बड़ी कार्रवाई की। खसरा नंबर-412 में प्राधिकरण की अधिग्रहित जमीन पर बने निर्माणाधीन कमर्शियल कॉम्प्लेक्स को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान 7 जेसीबी और बुलडोजर की मदद से भारी बेसमेंट समेत निर्माण को गिराया गया। मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।
नोएडा अवैध निर्माण पर पहले हुआ था हमला
दी गई जानकारी के अनुसार, जुलाई 2024 में इसी निर्माण को गिराने पहुंची प्राधिकरण की टीम पर हमला किया गया था। आरोप है कि दो लोगों ने खुद पर और प्राधिकरण के इंजीनियरों पर डीजल डालकर आत्मदाह और हत्या की कोशिश की थी। इसके बाद कार्रवाई रोक दी गई थी। निर्माण को लेकर निश्याम बिल्डकान और हिमश्री हिमालय बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड पर भी सवाल उठे थे।
नोएडा अवैध निर्माण से जुड़ा स्टे खारिज
बताया गया है कि वर्ष 2023 में निर्माण शुरू होने के बाद बिल्डर पक्ष अदालत पहुंचा था और 12 अप्रैल 2023 को एकपक्षीय स्थगनादेश हासिल किया था। करीब तीन साल चले विवाद के बाद गौतमबुद्धनगर की अपर सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत ने स्टे ऑर्डर खारिज कर दिया। कानूनी अड़चन दूर होने के बाद प्राधिकरण ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की।
नोएडा अवैध निर्माण पर प्राधिकरण का सख्त संदेश
कार्रवाई का नेतृत्व भूलेख और सिविल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने किया। ध्वस्तीकरण के दौरान कुछ लोगों ने विरोध की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रित कर ली गई। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने कहा है कि सरकारी और अधिग्रहित जमीन पर अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण ने ऐसे मामलों में अभियान जारी रखने का संकेत दिया है।
