नोएडा, 13 जून 2026 | रिपोर्ट: सिमरन सिंह
नोएडा बर्तन बैंक की पहल शहर को ‘नो डिस्पोजेबल जोन’ के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बन रही है। सेक्टर-44 में वाईएसएस फाउंडेशन ने पर्यावरण के संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए नि:शुल्क बर्तन बैंक की स्थापना की है। इस पहल के तहत आयोजनों के लिए स्टील की थालियाँ, कटोरियाँ, गिलास, चम्मच और अन्य जरूरी बर्तन मुफ्त में उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
नोएडा बर्तन बैंक से घटेगा प्लास्टिक कचरा
फाउंडेशन का कहना है कि शादी के समारोह, भंडारे, धार्मिक आयोजन, स्वास्थ्य कैंप और जन जागरूकता अभियानों में भारी मात्रा में डिस्पोजेबल कचरा उत्पन्न होता है। स्टील के बर्तनों का उपयोग करके प्लास्टिक कचरे को कम करने और पर्यावरण के संरक्षण का प्रयास किया जा रहा है। उपयोग के बाद बर्तनों को धोकर वापस जमा किया जाता है, जिससे उनका पुनः प्रयोग संभव हो सके।
नोएडा बर्तन बैंक के साथ शरबत वितरण अभियान
वाईएसएस फाउंडेशन ने गर्मियों में ‘जीरो वेस्ट मीठा शरबत वितरण अभियान’ शुरू किया है। सड़क, बाजार, बस स्टॉप और ऑटो स्टैंड जैसे स्थानों पर स्टील के बर्तनों में शरबत और ठंडा पानी बांटा जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से लोगों को ‘नो डिस्पोजेबल, ओनली री-यूजेबल’ और ‘प्लास्टिक हटाओ, देश बचाओ’ का संदेश दिया जा रहा है।
पर्यावरण संरक्षण की ओर बढ़ता कदम
फाउंडेशन के संस्थापक सचिन गुप्ता के अनुसार, छोटे परिवर्तन भी पर्यावरण की रक्षा में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उनका मानना है कि यदि लोग एकल उपयोग की जगह पुनः उपयोग योग्य बर्तनों का चयन करें, तो शहर में प्रदूषण और प्लास्टिक अपशिष्ट को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
