नोएडा ट्रेडशो में टेक्नोलॉजी शोकेस और B2B बैठकों के दौरान इंडिया एक्सपो मार्ट का दृश्य

ग्रेटर नोएडा में चल रहे नोएडा ट्रेडशो के दूसरे दिन कारोबार और तकनीक से जुड़ी गतिविधियां प्रमुख रहीं। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में खरीदारों, कारोबारियों और प्रदर्शकों के बीच करीब 7,500 B2B बैठकें हुईं। आयोजनों से जुड़े आंकड़ों के अनुसार करीब 450 MoUs और व्यावसायिक समझौते हुए, जिनका अनुमानित मूल्य 550 करोड़ रुपये बताया गया। इससे पहले दिन भी 2,000 से अधिक B2B बैठकें हुई थीं।

नोएडा ट्रेडशो में टेक्नोलॉजी पर फोकस

दूसरे दिन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कार्यक्रम का दौरा किया और टेक्नोलॉजी शोकेस का जायजा लिया। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर क्षेत्र से जुड़े सत्र में हिस्सा लिया। चर्चा में तकनीक हस्तांतरण, घरेलू विनिर्माण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और भारतीय उत्पादों को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करने जैसे विषय शामिल रहे। इलेक्ट्रॉनिक्स, AI, IT और ITES को प्रमुख क्षेत्रों में रखा गया है।

नोएडा ट्रेडशो में ODOC बना आकर्षण

आयोजन में One District One Cuisine (ODOC) भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा। अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजनों को एक मंच पर पेश किया गया। गोरखपुर का लिट्टी-चोखा, बनारसी पान, दाल मुरादाबादी और अलीगढ़ की आलू कचौड़ी जैसे व्यंजनों ने लोगों का ध्यान खींचा। इसके जरिए स्थानीय खान-पान को फूड प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, पर्यटन और ब्रांडिंग से जोड़ने की संभावनाएं भी सामने आईं।

नोएडा ट्रेडशो में ज्ञान सत्रों की चर्चा

दूसरे दिन विभिन्न सेक्टर से जुड़े ज्ञान सत्र भी आयोजित हुए। ठोस कचरा प्रबंधन, सड़क सुरक्षा, वाहन फिटनेस और तकनीकी हस्तक्षेप जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर सत्र में उत्तर प्रदेश में तकनीक आधारित औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर विचार किया गया। UPITS 2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में हो रहा है, जिसमें व्यापार, तकनीक, उद्योग और स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।