नोएडा, 16 अगस्त 2026 | रिपोर्ट: मुस्कान शाह
नोएडा अस्पताल में रोगियों की सुरक्षा और उपचार से संबंधित एक गंभीर घटना उजागर हुई है। जिला अस्पताल में एक सुरक्षा गार्ड द्वारा मरीजों के लिए सिरिंज में दवा डालने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने कदम उठाया है। स्टाफ नर्स और सुरक्षा गार्ड दोनों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
नोएडा अस्पताल में क्या है पूरा मामला?
14 अगस्त की रात मेडिकल वार्ड में मरीजों की देखभाल के लिए स्टाफ नर्स रिचा कुमारी और सुरक्षा के लिए गार्ड सुनील ड्यूटी पर थे। आरोप यह है कि स्टाफ ने गार्ड को रात के समय कई खाली सिरिंज और दवाई की डोज दी और उन्हें कुछ मिनटों के भीतर भरने के लिए कहा।
इसके बाद गार्ड पांचवीं मंजिल के काउंटर पर बैठकर सिरिंज में दवा डालते हुए नजर आया। इस घटना ने यह सवाल पैदा कर दिया कि क्या मरीजों की बीमारी और जरूरत के अनुसार दवा की सही मात्रा निर्धारित की गई थी? वायरल वीडियो में स्टाफ नर्स के कर्तव्यों और ड्यूटी में लापरवाही पर भी सवाल खड़े किए गए हैं।
नोएडा अस्पताल में दोनों पर कार्रवाई
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार झा ने मामले को गंभीर मानते हुए स्टाफ नर्स रिचा कुमारी और सुरक्षा गार्ड सुनील कुमार को निलंबित कर दिया है। गार्ड को अलीगढ़ की न्यू पैंथर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड एजेंसी के जरिये तैनात किया गया था। अस्पताल प्रशासन ने आउटसोर्स एजेंसी को भी नोटिस जारी किया है। वीडियो को मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों को टैग किया गया है।
